मानवता की मिसाल: बागेश्वर पुलिस ने किया असहाय व्यक्ति का अंतिम संस्कार। WWW.JANSWAR.COM

(अरुणाभ रतूड़ी जनस्वर)

अंतिम यात्रा को कंधा: बागेश्वर पुलिस ने निभाई मानवीय ज़िम्मेदारी, परिवार की असमर्थता में किया अंतिम संस्कार।

बागेश्वर:- यहाँ मानवता की एक मिसाल पेश करते हुए बागेश्वर पुलिस ने एक बुजुर्ग व्यक्ति की अंतिम यात्रा को कंधा दिया। परिवार की आर्थिक तंगी और वृद्धावस्था के कारण परिजन व्यक्ति के निधन पर नहीं पहुँच सके, जिसके बाद पुलिस ने विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया।

जानकारी के अनुसार, बागेश्वर में निवास कर रहे एक व्यक्ति का बीमारी से निधन हो गया। उनके परिजनों ने अपनी वृद्धावस्था और आर्थिक स्थिति के कारण यहाँ आने में असमर्थता जताई और अंतिम संस्कार की ज़िम्मेदारी पुलिस को सौंपने का निवेदन किया।

पुलिस ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए इस निवेदन को स्वीकार किया। ज़रूरी कानूनी कार्यवाही पूरी करने के बाद, बागेश्वर पुलिस के जवानों ने शव को सरयू घाट तक पहुँचाया और हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया। इस मानवीय कार्य ने न सिर्फ़ मृतक को सम्मानजनक विदाई दी, बल्कि समाज में पुलिस की एक सकारात्मक और संवेदनशील छवि भी प्रस्तुत की।