दु:खद-चार बार के विधायक व प्रदेश के परिवहन व समाजकल्याण मंत्री का बागेश्वर में निधन,प्रदेश में तीन दिन का शोक-www.janswar.com

-नागेन्द्र प्रसाद रतूड़ी

चार बार के विधायक व प्रदेश के परिवहन व समाज कल्याण मंत्री का बागेश्वर में निधन

 

फोटो-अन्तर्जाल से साभार

आरक्षित विधानसभा बागेश्वर से चारबार विधायक चुनाव जीतने वाले तथा प्रदेश के परिवहन,समाज कल्याण,छात्र कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण,लघु एवं सूक्ष्म,मध्यम उद्यम,खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री चन्दन रामदास का दिल का दौरा पड़ने से बागेश्वर जिला असपताल जहां उन्हें भर्ती कराया गया था ,में निधन हो गया है।
परिवहन मंत्री के निधनपर राज्यपाल ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि “स्वर्गीय चंदन रामदास एक लोकप्रिय एवं मृदुभाषी जनप्रतिनिधि के साथ-साथ एक कुशल प्रशासक थे। उनका निधन हम सभी के लिए एक अपूरणीय क्षति है।” राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों की प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने उनके निधन पर शोक व्यकत करते हुए कहा कि “मंत्रिमंडल में हमारे वरिष्ठ साथी श्री चंदन राम दास जी का निधन पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने समाज में गरीबों, शोषितों, पिछड़ों के लिए और आम आदमी की भलाई के लिए संपूर्ण जीवन कार्य किया। वे एक संघर्षशील नेता थे। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम छोर में खड़े लोगों की आवाज को उठाने और समाधान की ओर ले जाने का कार्य किया। उनका सरल, सहज एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व था।”
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा को सभी प्रदेशवासियों की ओर से श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों एवं शुभचिंतकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।
स्वर्गीय मंत्री चन्दन रामदास बागेश्वर से सन् 2007, सन् 2012, सन् 2017 व सन् 2022 में भाजपा के विधायक निर्वाचित हुए जो उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है। वे पहली बार मंत्रीमंडल के सदस्य बने थे।
उत्तराखण्ड सरकार ने उनके निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *